बिलासपुर। शहर में बीती रात गैंगवार की एक बड़ी वारदात हुई है। पुराने बदमाशो की गैंग के बीच जानलेवा खेल चलता रहा और हथियारों से लैस एक युवक पर हमला किया गया। पुलिस के डर से बेखौफ बदमाशों ने हमले के लिए तैयार किए गए विशेष हथियार से रक्तरंजित खेल खेला। युवक को जान से मारने की कोशिश की गई।
पूरी वारदात घटनास्थल के आसपास लगे CCTV में कैद हो गई है। घायल भास्कर वर्मा की रिपोर्ट पर तारबाहर पुलिस ने काव्य गढ़वाल, सिद्धार्थ शर्मा, प्रिंस शर्मा और आयुष मराठा को गिरफ़्तार किया है। वहीं अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है।
पूरी घटना शनिवार रात करीब 1:30 बजे के आसपास हैवंस पार्क होटल के पास हुई है। तारबहार पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। हमलावरों की पहचान भी कर ली गई है। सभी शहर के पुराने बदमाश हैं। इस पूरे प्रकरण में मेडी गैंग का नाम फिर उजागर हुआ है। थाना प्रभारी मनोज नायक ने बताया ये हमला चकरभाटा निवासी 21 वर्षीय भास्कर वर्मा नाम के युवक पर किया गया। बुरी तरह से घायल वर्मा का हाथ फ्रैक्चर है। युवक का इलाज जारी है।
बताया जा रहा है की भास्कर वर्मा की हत्या की प्लानिंग पहले से की गयी थी। हमले के वक्त भास्कर वर्मा के साथ मौजूद उसके दोस्त नवीन गोस्वामी ने पुलिस को बताया कि रात करीब 10:00 बजे के आसपास भास्कर ने नवीन को फोन कर उसे लेने आने को कहा। भास्कर की गाड़ी खराब हो गई थी । हमलावर पहले ही भास्कर वर्मा का पीछा कर रहे थे। नवीन अपनी मोपेड से हेवंस पार्क गली के सामने भास्कर को लेने आया तभी अचानक बाइक गाड़ियों में सवार 10-15 लोग अचानक पहुंच गए।
हमलावरों ने गली को दोनों तरफ से घेर लिया और भास्कर वर्मा को दौड़ा-दौड़ा कर मारने लगे। हमलावार अपने साथ एक खास हथियार लेकर आए थे। जो लोहे की राड पर बाइक की चेन रिंग को काटकर बनाया गया था। फरसे की तरह दिखने वाला नुकीला हथियार लगातार भास्कर वर्मा पर मारा जा रहा था। बहरहाल तारबाहर पुलिस ने भारतीय दंड विधान संहिता की धारा 323, 147, 506, 294, 307 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है, मामले में और लोगों की गिरफ्तारी पुलिस जल्द कर सकती है।